पालकोट. प्रखंड पालकोट सभागार में बीडीओ सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी विजय उरांव की अध्यक्षता में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) 2026 को लेकर बैठक आयोजित हुई. इसमें सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गयी. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित पुनरीक्षण कार्यक्रम के अनुसार अर्हता तिथि एक अक्तूबर 2026 तय की गयी है. प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य 20 से 29 जून तक होगा. इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे. प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को होगा और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया 5 अगस्त से 3 अक्तूबर तक चलेगी. अंतिम सूची सात अक्तूबर को सभी मतदान केंद्रों पर प्रकाशित की जायेगी. बैठक में मतदान केंद्रवार मैपिंग की समीक्षा भी हुई, जिसमें छह केंद्रों पर 95% से कम मैपिंग पायी गयी. बीडीओ ने संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को तीन दिनों में 75% से अधिक मैपिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही 15 जून तक शत-प्रतिशत अनमैप मतदाताओं की मैपिंग पूर्ण करने का आदेश दिया गया. बैठक में पंचायती राज पदाधिकारी राम लखन सिंह यादव, बीएलओ सुपरवाइजर रंजीत सिंह मुंडा, अशोक बेदिया, लालमती कुमारी, सरोज कुमारी, सुमित भगत सहित सभी बीएलओ उपस्थित थे.
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर बैठक
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर बैठक
