गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
गुमला. गुमला जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन स्थित जिला परिषद कार्यालय सभागार में सामान्य बैठक आयोजित की गयी. बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, अभियंता, जिला परिषद सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही के अनुपालन की समीक्षा के बाद स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पेयजल एवं स्वच्छता, भूमि संरक्षण, विद्युत आपूर्ति, लघु सिंचाई, 15वें वित्त आयोग और जिला परिषद की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी. स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान कार्ड निर्माण, स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, एएनएम के पदस्थापन और रक्त की उपलब्धता पर चर्चा हुई.
आयुष्मान कार्ड निर्माण का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए शिविर लगाने का निर्देश दिया गया. स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध कराने और नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया गया. पशुपालन विभाग की समीक्षा में पशुधन विकास योजना के तहत पशुधन वितरण की प्रगति की जानकारी ली गयी. अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया गया.
कृषि विभाग की समीक्षा में खरीफ फसल की तैयारी, बीज वितरण और किसान समृद्धि योजना की प्रगति पर चर्चा हुई. महिला बकरी पालकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रखंड स्तर पर शिविर लगाने को कहा गया. पेयजल विभाग की समीक्षा में विभिन्न योजनाओं की स्थिति और पेयजलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान की जानकारी ली गयी.
वहीं विद्युत विभाग की समीक्षा में स्मार्ट मीटर, बिजली बिल, ट्रांसफार्मर और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा हुई. खराब ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने का निर्देश दिया गया. बैठक में 15वें वित्त आयोग की योजनाओं के साथ जिला परिषद की परिसंपत्तियों के रखरखाव, बाजार-हाट एवं सैरातों की बंदोबस्ती पर भी चर्चा हुई. अध्यक्ष ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का गंभीरता से समाधान करने तथा योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उप विकास आयुक्त ने सभी निर्देशों का समय पर अनुपालन कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा.
ये भी पढ़ें: रात 9 बजे गांव में घुसा हाथी, घर तोड़ा तो जान बचाकर भागे ग्रामीण
ये भी पढ़ें: पहली तनख्वाह भेजने की बात कही, फिर बंद हो गया फोन; दुबई में लापता बेटे के लिए गुरुकुल पहुंचे परिजन
