प्रतिनिधि, गुमला
गुमला सदर थाना के करमटोली निवासी एक विवाहिता के इंस्टाग्राम अकाउंट को हैक कर साइबर अपराधियों द्वारा आपत्तिजनक वीडियो अपलोड करने और ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने गुमला थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के अनुसार, करमटोली निवासी विवाहिता के इंस्टाग्राम अकाउंट को अज्ञात व्यक्ति ने हैक कर लिया. इसके बाद हैकर ने अकाउंट का दुरुपयोग करते हुए आपत्तिजनक फोटो व वीडियो अपलोड करना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया गया है.
घटना से परेशान विवाहिता ने गुमला थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी और दोषियों की शीघ्र पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की. पीड़िता का कहना है कि सोशल मीडिया अकाउंट के दुरुपयोग से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की छवि प्रभावित हो रही है. पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. साइबर अपराध के पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.
एक नाबालिग का भी अकाउंट हैक
इधर, गुमला सदर थाना क्षेत्र की 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को इंस्टाग्राम पर लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजने, गाली-गलौज करने और धमकी देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़िता की मां ने सदर थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. दिये गये आवेदन के अनुसार, नजीर हुसैन-18 नाम के इंस्टाग्राम आइडी से पिछले दो सप्ताह से नाबालिग युवती को लगातार आपत्तिजनक मैसेज भेजे जा रहे हैं. आरोप है कि उक्त आइडी धारक अश्लील एवं अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करता है और युवती को देख लेने की धमकी भी दे रहा है. जिससे वह और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान हैं.
पीड़िता की मां ने आवेदन में कहा है कि आरोपी की हरकतों से उनकी बेटी भयभीत है. उन्होंने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर संबंधित इंस्टाग्राम आइडी संचालक की पहचान करने तथा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. सदर थाना की पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस सोशल मीडिया आइडी की तकनीकी जांच के साथ उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है. जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
