गुमला. राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार 12 सितंबर को व्यवहार न्यायालय गुमला में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जायेगा. अधिक से अधिक मामलों का त्वरित व सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
इस क्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में मोटर दुर्घटना दावा वाद (एमएसीटी) के निष्पादन को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गयी. बैठक में विभिन्न बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए.
बैठक में पीडीजे अजीत कुमार सिंह ने बीमा कंपनियों व अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि दुर्घटना पीड़ितों और उनके आश्रितों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए मामलों का आपसी सहमति से निष्पादन सुनिश्चित करें.
उन्होंने मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए प्री-कॉन्सिलिएशन सिटिंग आयोजित करने पर भी जोर दिया. पीडीजे ने कहा कि लोक अदालत विवादों के त्वरित व सौहार्दपूर्ण निष्पादन का बेहतर माध्यम है. इससे पक्षकारों के समय और धन दोनों की बचत होती है. उन्होंने संबंधित पक्षों से अधिक से अधिक मामलों को लोक अदालत के माध्यम से निष्पादित कराने की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया.
राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक ऋण, विद्युत, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, भरण-पोषण, वन विभाग, दीवानी मामलों समेत अन्य सुलहनीय मामलों का निष्पादन किया जायेगा.
