मृतका की मां ने थाना में आवेदन देकर की जांच की मांग कामडारा. थाना क्षेत्र के मुरुमकेला चमारटोली के राजेंद्र साहू की पत्नी संध्या देवी का दिल्ली के गुड़गांव में संदिग्ध मौत हो गयी. संध्या देवी को गांव के कुछ लोगों ने काम के लिए दिल्ली ले गये थे, जहां संध्या गुड़गांव स्थित 37 डी में अंकुर गर्ग नामक व्यक्ति के मकान पर काम करती थी. इधर संध्या की मौत के बाद उसकी मां खूंटी के बकसपुर निवासी मांती देवी ने कामडारा थाना में आवेदन देकर संध्या की मौत की जांच करने की मांग की है. मांती देवी ने आवेदन में कहा है कि उसकी बेटी का ससुराल कामडारा थाना क्षेत्र के रेड़वा पंचायत अंतर्गत गांव मुरुमकेला है. कुछ माह पहले उसकी बेटी संध्या देवी को काम दिलाने के नाम पर मरियम मुंडाईन, सीमा टोप्पो व बिनोद बिहारी नामक एक व्यक्ति द्वारा उसे दिल्ली गुड़गांव स्थित 37 डी अंकुर गर्ग नामक व्यक्ति के मकान पर ले जाकर रख दिया गया था, जहां दिसंबर 2025 में संध्या के साथ मारपीट की गयी और उसका मोबाइल को छीन लिया गया था. इसके बाद दो फरवरी 2026 को दिल्ली पुलिस ने अंकुर गर्ग के मकान से संध्या देवी का शव बरामद किया. शव पोस्टमार्टम के बाद गुड़गांव स्थित सिविल अस्पताल पर रखा हुआ है. मां ने उक्त मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. मृतका के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं. इस मामले की जानकारी के बाद गुमला डीसी प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर श्रम अधीक्षक गुमला द्वारा मृतका के शव को दिल्ली लाने व पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
गुड़गांव में कामडारा की महिला की संदिग्ध मौत
गुड़गांव में कामडारा की महिला की संदिग्ध मौत
