पंचमुखी बजरंग बली मंदिर की वर्षगांठ पर निकली कलश यात्रा
पंचमुखी बजरंग बली मंदिर की वर्षगांठ पर निकली कलश यात्रा
By Prabhat Khabar News Desk | Updated at :
डुमरी. प्रखंड के जैरागी गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में स्थित पंचमुखी बजरंग बली मंदिर की पांचवीं वर्षगांठ मंगलवार को मनायी गयी. धार्मिक महोत्सव पर कलश यात्रा निकाली गयी. साथ ही 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ हुआ. मंगलवार की सुबह काफी संख्या में महिलाएं व युवती श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर जुर्म नदी पहुंचीं, जहां से विधि-विधान पूर्वक जल भरकर कलश यात्रा निकाली गयी. यह यात्रा जैरागी बस्ती के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय जयकारों से गूंज उठा. मंदिर पहुंचने के बाद ग्राम पुरोहित मिथिलेश पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापित कर पूजा-अर्चना करायी. इसके बाद अखंड हरिकीर्तन शुरू हुआ. संकीर्तन का समापन बुधवार को होगा, जिसके बाद भंडारा का आयोजन किया गया है. धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में संजय साहू, प्रदीप प्रसाद, सुरेश प्रसाद, महेंद्र प्रसाद, विकास प्रसाद, विकास लाल, पीतांबर प्रसाद, बिनोद कुमार आदि सक्रिय रूप से लगे हैं.
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में वार्षिक कार्यशाला शुरू
भरनो. सीताराम साव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के सभागार में मंगलवार को तीन दिवसीय वार्षिक कार्यशाला शुरू हुई. इसकी शुरुआत विद्यालय के अध्यक्ष किशोर साहू, सचिव श्रीकांत केशरी और प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय ने संयुक्त रूप से भारत माता व माता सरस्वती की तस्वीर पर दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों की दक्षता बढ़ाने व शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने का है. मौके पर उपस्थित आचार्यों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष किशोर साहू ने कहा कि शिक्षक बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहें, ताकि विद्यालय को सफलता के शिखर पर पहुंचाया जा सके. सचिव श्रीकांत केशरी ने कहा कि यहां बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ बेहतर संस्कार दिये जाते हैं. उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों के भविष्य को संवारने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायें. कार्यशाला के उद्घाटन सत्र के दौरान प्रधानाचार्य सुरेश कुमार राय, संयुक्ता देवी, पूनम सारंगी, मुकेश कुमार शाही, संतोष तिवारी, लिविंग केरकेट्टा, वीरेंद्र कुमार, सुद्धेश्वर साहू, ज्योति पांडेय आदि उपस्थित थे.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।