पालकोट. प्रखंड कार्यालय सभागार में बीडीओ सह सीओ विजय उरांव की अध्यक्षता में जविप्र दुकानदार संघ की बैठक हुई. बैठक में प्रखंड के सभी जविप्र दुकानदारों को अपने-अपने लाभुकों का ई-केवाइसी कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया. बैठक में आधार सीडिंग, मोबाइल सीडिंग तथा सोना-सोबरन लुंगी, साड़ी व धोती वितरण योजना में प्रगति लाने पर जोर दिया गया. साथ ही डीलरों को नमक वितरण में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अशोक बेदिया ने सभी 55 डीलरों को जोड़ कर एक मोबाइल समूह बनाने का सुझाव दिया, ताकि विभागीय सूचनाओं का आदान-प्रदान आसानी से हो सके और डीलर अपनी समस्याएं समूह के माध्यम से साझा कर सकें. डीलरों ने गोदाम से राशन उठाव के बाद बची सामग्री प्राप्त करने में आने वाली समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा. इस पर अधिकारियों ने गोदाम प्रबंधक को बुलाकर मामले का समाधान कराने का आश्वासन दिया. अंत में आपूर्ति पदाधिकारी अशोक बेदिया ने डीलरों को लाभुकों के साथ मधुर व्यवहार बनाये रखने तथा ई-केवाइसी कार्य में तेजी लाने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं होने पर आवंटन प्रभावित हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित डीलरों की होगी. बैठक में मनोहर साहू, श्याम सुंदर साहू, दुर्गा प्रसाद, विनय लकड़ा, हेमंत साहू, अनिल साहू, अनिल नाग, कृष्णा बड़ाइक आदि उपस्थित थे.
ई-केवाइसी कार्य में तेजी लायें जविप्र दुकानदार
जविप्र दुकानदार संघ की बैठक
