गुमला. राज्य सरकार एवं स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देशानुसार 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर गुमला जिले में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. इस वर्ष योगमय झारखंड थीम के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों व समुदाय को योग के प्रति जागरूक और प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है. विभागीय सचिव के निर्देश के आलोक में जिले के सभी विद्यालय 21 जून (रविवार) को सामान्य कार्य दिवस की तरह खुले रहेंगे. इस दिन विद्यालयों में योग दिवस से संबंधित विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. योग गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय व प्रखंड स्तर पर शारीरिक शिक्षा शिक्षकों तथा योग विद्या में दक्ष शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों समेत अन्य शिक्षकों को योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम व ध्यान की विधियों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी मुख्य कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभा सकें. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विद्यालयों में कविता लेखन, स्लोगन लेखन, निबंध लेखन, पोस्टर निर्माण व पेंटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है. इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थी योग के महत्व, स्वास्थ्य लाभ तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत में योग की भूमिका को अभिव्यक्त कर रहे हैं. इसके अलावा योग दिवस से चार दिन पूर्व, 17 जून को सभी विद्यालयों में योग क्लबों का पुनर्गठन किया जायेगा. योग क्लब के माध्यम से वर्षभर विद्यालयों में योग गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा तथा विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन व मानसिक संतुलन के प्रति जागरूकता विकसित की जायेगी. जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां ने सभी विद्यालय प्रधानों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों व अभिभावकों से योग दिवस कार्यक्रम को उत्साहपूर्वक सफल बनाने की अपील की है. उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित व सकारात्मक जीवन का आधार है. उन्होंने कहा कि योगमय झारखंड अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. 21 जून को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास के साथ-साथ योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा, जिससे विद्यालयों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय भी योग आंदोलन से जुड़ सके.
योगमय झारखंड थीम पर 21 जून को खुलेंगे जिले के सभी विद्यालय
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर गुमला में व्यापक तैयारी, विद्यार्थियों के लिए होंगी प्रतियोगिताएं
