गुमला. झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति के तत्वावधान एवं सदर अस्पताल गुमला के सौजन्य से गुरुवार को बसिया प्रखंड के लोंगा गांव में एक दिवसीय एकीकृत स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. खराब मौसम और बारिश के बावजूद ग्रामीणों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया.
शिविर में कुल 146 ग्रामीणों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई. इस दौरान रक्तचाप, मधुमेह, मलेरिया, टाइफाइड एवं एचआईवी सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई. जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों के बीच नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया. शिविर में सदर अस्पताल गुमला के एआरटी केंद्र की डॉ. तन्नु कुमारी एवं डॉ. राज कुजूर, परामर्शी लतिक चंद्र कुम्भकार, प्रयोगशाला तकनीशियन भरत राम, शिल्पी कुमारी एवं सुलोचना कुमारी ने अपनी सेवाएं दीं.
शिविर को सफल बनाने में स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों का भी सराहनीय योगदान रहा। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रेशमा कुमारी, शशि मिंज एवं रीना कुमारी, एएनएम विनीता लकड़ा, फार्मासिस्ट बंदना सिन्हा तथा क्षेत्र की सहिया दीदियों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
इस दौरान ग्रामीणों को क्षय रोग, एचआईवी/एड्स और यौन संचरित संक्रमण जैसी गंभीर बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में जागरूक किया गया. स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों से बारिश के मौसम में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा बुखार या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की
ये भी पढ़ें: बसिया में पेसा कानून के तहत चयन, अजय सिंह सहायक सचिव और नमिता सुरीन कोषाध्यक्ष चुनी गयीं
ये भी पढ़ें: गुमला टोटो सड़क की हालत जर्जर, लोहरदगा और आंजनधाम जाने वाले परेशान
