गुमला. बसिया. प्रखंड के पंथा गांव निवासी रंथी देवी ने गुमला थाना प्रभारी को आवेदन देकर अपने पति सुरेश और ससुराल पक्ष के लोगों पर प्रताड़ना और दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उनका पति अब चौथी शादी करने की तैयारी में है. पीड़िता ने आवेदन में बताया कि उसने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ पहले भी दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था, जो अभी भी न्यायालय में लंबित है. बावजूद इसके आरोपी सुरेश खुलेआम घूम रहा है और कोर्ट में हाजिर नहीं हो रहा. रंथी देवी का कहना है कि सुरेश घर में रह कर लगातार उन्हें परेशान कर रहा है. सुरेश पहले ही तीन शादियां कर चुका है. उनकी पहली पत्नी सुरहू नवाटोली की सारो देवी, दूसरी कसीरा गांव की विनीता देवी और तीसरी रंथी देवी स्वयं हैं. अब चौथी शादी 20 अप्रैल को कोजांग गांव में होने वाली है. पीड़िता ने बताया कि पूर्व में तीनों पत्नियों से सुरेश को कोई संतान नहीं है. उन्होंने कहा कि चौथी शादी करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनके अधिकारों का भी हनन है. रंथी देवी ने थाना प्रभारी से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हो गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
पति पर दहेज उत्पीड़न व चौथी शादी की तैयारी करने का लगाया आरोप
महिला ने कहा, पति सुरेश और ससुराल पक्ष लगातार कर रहे प्रताड़ना, सुरक्षा की भी लगायी है गुहार
