गुमला. गुमला होमगार्ड विभाग के तत्वावधान में सेवानिवृत्त हो रहे जवानों के सम्मान में बुधवार को विदाई समारोह का आयोजन किया गया. अध्यक्षता जिला समादेष्टा चंदन कुमार ने की. होमगार्ड विभाग के इतिहास में पहली बार इस प्रकार की अभूतपूर्व पहल की गयी. इसमें सेवानिवृत्त हो रहे जवानों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया. समारोह की खास बात यह रही कि यह आयोजन जिला समादेष्टा महोदय और होमगार्ड संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया. विभाग के इतिहास में यह पहला अवसर था जब जिला समादेष्टा महोदय और संगठन ने एक साथ मिल कर अपने सेवानिवृत्त साथियों की सेवाओं को सराहा. समारोह में एक साथ 33 साथियों (सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान) को फूल माला पहना कर व शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया. मौके पर जिला समादेष्टा चंदन कुमार ने कहा कि होमगार्ड जवान हमारे सुरक्षा तंत्र की रीढ़ हैं. विभाग व संगठन का यह साझा प्रयास हमारे जवानों के प्रति सम्मान और एकता का प्रतीक है. झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष झरी भगत व महिला जिलाध्यक्ष रीना कुमारी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के संयुक्त आयोजनों से विभाग में भाईचारा बढ़ता है और सेवानिवृत्त हो रहे साथियों को यह महसूस होता है कि उनका विभाग उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा. संचालन उप सचिव सुनील कुमार ने किया. समारोह में होमगार्ड विभाग महिला प्रदेश अध्यक्ष अंजना बड़ा, जिला संगठन उपाध्यक्ष संदीप उरांव, सचिव कार्तिक कुजूर, जिला महिला कोषाध्यक्ष अनिता कुमारी, जिला प्रवक्ता हवलदार भुनेश्वर गोप सहित काफी संख्या में होमगार्ड जवान शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
