गुमलाः डेबडीह-खरका मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर खून से लथपथ पड़ा था. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी, लेकिन कोई घायल को अस्पताल पहुंचाने की पहल नहीं कर रहा था. इसी दौरान वहां से गुजर रहे समाजसेवी जगरनाथ उरांव ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए तत्काल अपनी स्कार्पियो रोकी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया.
हादसे में बसुवा पंचायत के इरो गांव निवासी महावीर उरांव गंभीर रूप से घायल हुए थे. बताया गया कि वह करम पर्व की संध्या में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान खरका मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में महावीर उरांव गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके शरीर से काफी खून बहने लगा.
ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की याचिका खारिज, 24 सितंबर को तय होंगे आरोप
भीड़ देखकर रोकी स्कार्पियो, घायल को पहुंचाया अस्पताल
इसी दौरान समाजसेवी जगरनाथ उरांव अपनी स्कार्पियो से उसी रास्ते से गुजर रहे थे. सड़क पर भीड़ लगी देखकर उन्होंने तत्काल वाहन रोका. घायल युवक की गंभीर स्थिति देखकर उन्होंने बिना देर किए महावीर उरांव को अपनी स्कार्पियो में बैठाया और सीधे सदर अस्पताल गुमला लेकर पहुंचे.
अस्पताल में भी इलाज की लेते रहे जानकारी
अस्पताल पहुंचने के बाद भी जगरनाथ उरांव घायल युवक के इलाज की निगरानी करते रहे. उन्होंने चिकित्सकों से महावीर उरांव की स्थिति की जानकारी ली और इलाज को लेकर लगातार नजर बनाये रखी. समय पर अस्पताल पहुंचने और उपचार मिलने के बाद महावीर उरांव की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. समय पर घायल को अस्पताल पहुंचाने की जगरनाथ उरांव की पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की.
ये भी पढ़ें- बिना लाइसेंस के धड़ल्ले से बेचे जा रहे 20 लीटर वाले पानी के जार
