गुमला.मारवाड़ी युवा मंच एवं प्रेरणा गुमला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को भव्य बाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया. यात्रा में सैकड़ों बाल कांवड़ियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया. बच्चों के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया. पूरे यात्रा मार्ग में “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे गूंजते रहे.
शीतला मंदिर से शुरू हुई यात्रा
बाल कांवड़ यात्रा की शुरुआत शीतला मंदिर से हुई। यहां से बाल कांवड़िए श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा पर निकले. यात्रा मेन रोड, जशपुर रोड एवं बड़ाइक मोहल्ला होते हुए डीएसपी रोड स्थित श्री नारायणी श्याम मंदिर पहुंची, जहां विधिवत रूप से यात्रा का समापन किया गया.
बच्चों में दिखा खासा उत्साह
यात्रा के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला. अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाया और पूरे आयोजन में सहयोग किया.
सदस्यों के सामूहिक प्रयास से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम को सफल बनाने में मारवाड़ी युवा मंच एवं प्रेरणा शाखा के सभी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. सदस्यों की सक्रिय सहभागिता और सामूहिक प्रयास से बाल कांवड़ यात्रा भव्य एवं सफल रूप से संपन्न हुई.
आगे भी होते रहेंगे ऐसे आयोजन
कार्यक्रम के संयोजक आकाश गोयल ने सभी बाल कांवड़ियों, अभिभावकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि बच्चों में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्कारों को मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे.
