बसिया. पिछड़ी जाति संघर्ष मोर्चा सह छोटानागपुरिया तेली उत्थान समाज के केंद्रीय अध्यक्ष उदासन नाग की अध्यक्षता में बसिया स्थित देवी गुड़ी चौक पर बैठक हुई. बैठक में जेपीएससी व जेएसएससी में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रदर्शन का पुरजोर समर्थन किया गया.
केंद्रीय अध्यक्ष उदासन नाग ने कहा कि झारखंड में अब तक हुई सभी सरकारी बहालियों की केंद्र और राज्य सरकार निष्पक्ष जांच कराये तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे. कहा कि झारखंड में बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरी मिलने से स्थानीय युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पैसे देकर नौकरी हासिल करने वाले लोग समाजहित में काम करने के बजाय वसूली में लगे रहेंगे. सरकार को आंदोलनकारी छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि छात्र आंदोलनों ने कई मजबूत सरकारों की दिशा बदलने का काम किया है.
उदासन नाग ने सरकारी नौकरियों में बाहरी लोगों की बहाली पर रोक लगाने तथा भर्ती प्रक्रिया के लिए स्पष्ट और निष्पक्ष नियमावली बनाने की मांग की. बैठक में मोर्चा की ओर से आंदोलनकारी छात्रों के साथ पूरी तरह खड़े रहने का संकल्प लिया गया. मौके पर दिलीप साहू, प्रेमलाल भगत, गोकुल चंद सोनी, सत्तार खान, कलीम अहमद, मो मकसूद समेत कई लोग उपस्थित थे.
