गुमला में दो पतियों के बीच फंसी फुलसुंदरी, मामला पहुंचा थाना

Gumla News: गुमला में दो पतियों और लिव-इन रिश्ते के बीच उलझी महिला का मामला थाने पहुंच गया. महिला ने पहले लिव-इन पार्टनर पर मारपीट, प्रताड़ना और 10 हजार रुपए छीनने का आरोप लगाया है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: झारखंड के गुमला जिले में उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. जब दो रिश्तों के बीच उलझी एक महिला ने अपने पूर्व लिव-इन पार्टनर पर मारपीट, प्रताड़ना और रुपए छीनने का गंभीर आरोप लगाया. मामला सदर थाना पहुंचते ही इलाके में चर्चा का विषय बन गया.

प्रेम विवाह के बाद बदली जिंदगी

जानकारी के अनुसार रायडीह थाना के डुमरटोली निवासी फुलसुंदरी कुमारी की पहली शादी सदर थाना के जोराडांड़ निवासी मिनाज नामक युवक से प्रेम विवाह के रूप में हुई थी. दोनों करीब 4 साल तक साथ रहे और इस रिश्ते से एक बच्चा भी है. बाद में फुलसुंदरी मिनाज को छोड़कर गम्हरिया निवासी अजय महली के साथ रहने लगी. 

छह से सात वर्षों तक लिव-इन में रही महिला 

बताया जा रहा है कि दोनों लगभग छह से सात वर्षों तक लिव-इन रिलेशन में रहे और उनसे भी एक बच्चा है. फुलसुंदरी ने आरोप लगाया है कि अजय महली अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और जान से मारने और छोड़ देने की धमकी देता था.

मारपीट में हाथ तोड़ने का आरोप 

महिला ने बताया कि करीब 1 साल पहले अजय ने बेरहमी से पिटाई कर उसका हाथ तक तोड़ दिया था. लगातार प्रताड़ना से तंग आकर वह 4 दिन पहले फिर से अपने पहले पति मिनाज के पास लौट आई. 

बर्तन खरीदने के दौरान रुपये छीनने का आरोप

गुरुवार की देर शाम फुलसुंदरी मिनाज के साथ शहर में बर्तन खरीदने आई थी. महिला का कहना है कि उसके पास करीब 10 हजार रुपए थे. इसी दौरान काफी देर से पीछा कर रहे अजय महली ने सदर थाना के पास अचानक उसके हाथ से रुपए झपट लिए और मौके से फरार हो गया. 

गांव के दरबार में फैसला चाहता है अजय

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. फुलसुंदरी सीधे सदर थाना पहुंची और पूरे मामले की लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. वहीं अजय महली का कहना है कि फुलसुंदरी उसके साथ रहेगी या नहीं, इसका फैसला गांव के दरबार में होगा. इधर पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है. 

यह भी पढ़ें: जनता लाइन में और पूंजीपति फायदे में, JMM महासचिव विनादे पांडेय ने भाजपा पर बोला हमला

यह भी पढ़ें: Hazaribagh: 24 घंटे में 4 मौत पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में हंगामा, डीसी ने बैठाई जांच कमिटी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक साल से प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >