गुमला. गुमला जिले के जारी थाना क्षेत्र के बांडोटोली मगरुतल्ला गांव में आपसी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो लोगों की हत्या कर दी गयी थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
घटनास्थल से खून लगा कुदाल, डंडा और पत्थर बरामद
गिरफ्तार आरोपियों में जगरनाथ खेरवार (65 वर्ष), नवरतन खेरवार (26 वर्ष), बौधा खेरवार (37 वर्ष) तथा दुर्गा खेरवार (57 वर्ष) शामिल हैं. सभी बांडोटोली मगरुतल्ला गांव के रहने वाले हैं. पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा कुदाल, डंडा, पत्थर और मिट्टी समेत अन्य सामान बरामद किये है. एसपी हारिस बिन जमां ने प्रेसवार्ता में कहा है कि सोमवार को बांडोटोली मगरुतल्ला में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी.
मृतकों की पहचान भूषण खेरवार और बुधराम खेरवार के रूप में हुई
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए जारी थाना प्रभारी पुअनि सन्नी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल पर भेजी गयी. पुलिस के पहुंचने पर पता चला कि मारपीट के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी, डंडा, कुदाल और पत्थर से हमला कर दो लोगों की हत्या कर दी है. मृतकों की पहचान भूषण खेरवार (58 वर्ष) और बुधराम खेरवार (62 वर्ष) के रूप में हुई.
पत्नी के आवेदन पर प्राथमिकी
बुधराम खेरवार की पत्नी सुखमनी खेरवारीन के लिखित आवेदन पर जारी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. प्राथमिकी में जगरनाथ खेरवार, बौधा खेरवार, नवरतन खेरवार और दुर्गा खेरवार को नामजद आरोपी बनाया गया था. छापेमारी दल में कार्रवाई में जारी थाना प्रभारी पुअनि सन्नी कुमार, पुअनि रमेश महतो, सअनि थोमस केरकेट्टा के अलावा जारी थाना का सशस्त्र बल और चौकीदार शामिल थे.
