विशुनपुरा, गढ़वा: प्रखंड के कोचेया गांव स्थित प्रसिद्ध नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव बुधवार को विधिवत रुद्राभिषेक, महाप्रसाद एवं भंडारे के साथ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया. वार्षिकोत्सव के अंतिम दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. दूर-दराज के गांवों से पहुंचे महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भगवान नर्मदेश्वर महादेव का दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की.
अंतिम दिन मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पंडित विनीत शुक्ल एवं संजय पांडेय ने भगवान नर्मदेश्वर महादेव का विधिवत रुद्राभिषेक कराया. रुद्राभिषेक के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा. श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना में शामिल हुए.
धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. वहीं, शाम में भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.
अखंड कीर्तन से हुआ था वार्षिकोत्सव का शुभारंभ
तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव की शुरुआत 24 घंटे के अखंड कीर्तन के साथ हुई थी. अखंड कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों एवं भजनों के माध्यम से भगवान शिव की आराधना की. दूसरे दिन भव्य कलश यात्रा निकाली गयी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अनंत प्रताप देव शामिल हुए और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया.
वार्षिकोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. आयोजन के अंतिम दिन रुद्राभिषेक एवं भंडारे के साथ तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्ण समापन हुआ.
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद देव सहित भोला देव, पुजारी प्रवीण पांडेय, राजदेव गुप्ता, उमेश गुप्ता, सुनील मेहता, सुदामा मेहता, मनोज देव, प्रमोद मेहता, लक्ष्मी गुप्ता, रंजय मेहता सहित समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
