गुमला में डायन-बिसाही बताकर बुजुर्ग परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप, गांव में हुई पंचायत

Gumla News: गुमला के बरगांव बरवाटोली गांव में डायन-बिसाही के आरोप में एक बुजुर्ग परिवार को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. गांव में हुई पंचायत में भी विवाद नहीं सुलझा. पीड़ित ने थाना में दिया आवेदन. इससे जुड़ी पूरी खबर नीचे पढ़ें.

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

Gumla News: गुमला थाना के बरगांव बरवाटोली गांव में डायन-बिसाही के नाम पर एक बुजुर्ग परिवार को प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है. इस संबंध में गांव निवासी 63 वर्षीय विजय गोप ने थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. मामले को लेकर गांव में पंचायत भी बुलाई गई थी. लेकिन आरोपी पंचायत के फैसले को मानने के लिए तैयार नहीं हुआ. 

पुलिस के पास पहुंचा मामला

इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस की शरण ली. आवेदन में विजय गोप ने बताया है कि गांव के ही महतो उरांव अपनी बेटी और नाती की पूर्व में हुई मौत के लिए उन्हें और उनके परिवार को जिम्मेदार ठहरा रहा है. आरोप है कि महतो उरांव लगातार उन्हें डायन-बिसाही कहकर प्रताड़ित करते हैं. साथ ही पड़ोसी माडु सिंह और उनकी पत्नी लक्ष्मी देवी को भी इस मामले में बदनाम किया जा रहा है. पीड़ित के अनुसार, आरोपी द्वारा बार-बार डायन कहे जाने से गांव और समाज में उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है. इससे दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है और कभी भी विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है. 

पंचायत में नहीं बनी बात 

मामले को गंभीर होते देख गांव में ग्राम सभा की बैठक हुई. पंचायत में दोनों पक्षों को बुलाकर ग्रामीणों ने समझौता कराने की कोशिश की है. ग्रामीणों ने डायन-बिसाही जैसी कुप्रथा को अंधविश्वास बताते हुए आरोपी को भविष्य में इस तरह की बातें नहीं करने की सलाह दी. लेकिन आरोप है कि पंचायत के दौरान महतो उरांव भड़क गया और ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज करने लगा. इतना ही नहीं, उसने पंचायत की बात मानने से इनकार करते हुए कहा कि उसकी बेटी को “जादू-टोना और टोटका” कर मार दिया गया है. आरोपी ने कथित रूप से यह भी कहा कि वह किसी की बात नहीं मानेगा और एक-एक को देख लेगा. 

पुलिस मामले में जुटी 

पंचायत विफल होने के बाद विजय गोप ने गुमला थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपी पर सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है. गांव में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बताया जा रहा है. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

यह भी पढ़ें: रजरप्पा मंदिर का बदलेगा स्वरूप: 80 करोड़ रुपये का मास्टर प्लान तैयार, झारखंड हाईकोर्ट ने दिया निर्देश

यह भी पढ़ें: Hazaribagh: 24 घंटे में 4 मौत पर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज में हंगामा, डीसी ने बैठाई जांच कमिटी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >