गुमला. उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक हुई. इसमें जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गयी. बैठक में उपायुक्त ने मानसून व वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में सर्पदंश पीड़ितों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं तथा एंटी-स्नेक वेनम (एएसवी) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने पर जोर दिया. वहीं निक्षय रोग (टीबी) नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा में बताया गया कि जिले में वर्तमान में 545 टीबी मरीज चिह्नित हैं. साथ ही जिले की 62 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है. इस पर उपायुक्त ने सभी मरीजों की नियमित जांच, उपचार व निगरानी सुनिश्चित करने तथा शेष पंचायतों को भी टीबी मुक्त बनाने के लिए मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया. मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा में जानकारी दी गयी कि जिले में मलेरिया संक्रमण दर घटकर 0.4 प्रतिशत तक पहुंच गयी है. उपायुक्त ने इस उपलब्धि को बनाये रखने के लिए सतत निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये. बैठक में रक्तदान को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया तथा जिले में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिये गये. एंबुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यकतानुसार एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा विशेष रूप से डुमरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इसके अलावा फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम, दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरण, एनक्यूएएस व कायाकल्प कार्यक्रमों तथा 15वें वित्त आयोग मद के तहत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, हेल्थ सब सेंटर और ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिये. बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, सिविल सर्जन डॉ शंभूनाथ चौधरी, डीएस डॉ अनुपम किशोर समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व विभिन्न प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
मानसून से पहले स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त करें : डीसी
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने का निर्देश
