भरनो. प्रखंड के भरनो-चट्टी मुख्य मार्ग स्थित अमलिया बझीयाटोली गांव के वनटोली मोड़ के समीप बुधवार को सड़क किनारे सरकारी चना दाल के 40 से 50 खाली पैकेट फेंके हुए मिले. ये पैकेट राशन कार्डधारियों के बीच वितरित किये जाने वाले थे. घटना की जानकारी ग्रामीणों ने प्रखंड प्रशासन को दी, जिसके बाद प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (एमओ) अंशुल टोप्पो तत्काल मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. सड़क किनारे बड़ी संख्या में सरकारी पैकेट मिलने से क्षेत्र में राशन की कालाबाजारी की आशंका गहरा गयी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एमओ ने वनटोली गांव स्थित क्रांति स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकान संचालिका अर्चना देवी से कड़ी पूछताछ की तथा राशन वितरण से संबंधित स्टॉक और पंजी की गहन जांच की. साथ ही मौके पर मौजूद कई राशन कार्डधारियों से भी जानकारी ली कि उन्हें निर्धारित मात्रा में समय पर राशन और चना दाल मिल रहा है या नहीं. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अंशुल टोप्पो ने कहा कि सड़क किनारे सरकारी चना दाल के खाली पैकेट मिलना गंभीर मामला है और इससे कालाबाजारी की आशंका स्पष्ट होती है. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है तथा जांच में दोषी पाये जाने पर संबंधित पीडीएस दुकान और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
सड़क किनारे फेंके मिले सरकारी चना दाल के खाली पैकेट
एमओ ने पीडीएस दुकान का किया औचक निरीक्षण, कालाबाजारी की आशंका
