दुर्जय पासवान
Gumla: गुमला जिला अंतर्गत पालकोट थाना क्षेत्र के बघिमा अंबाटोली गांव में अंधविश्वास में आकर डायन-बिसाही के शक में एक वृद्ध महिला की हत्या करने का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान 62 वर्षीय मंगरी देवी के रूप में हुई है. उनका शव गोजा जंगल से बरामद किया गया है. शुरू में महिला की पहचान नहीं हुई थी. जब पुलिस ने शव को बरामद कर मामले की जांच शुरू की तो शव की पहचान हुई. साथ ही हत्या के पीछे डायन बिसाही का मामला सामने आया है. इस मामले में पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
शादी समारोह में शामिल होने गई थीं मंगरी देवी
परिजनों के अनुसार मंगरी देवी बुधवार की सुबह करीब 11 बजे एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पड़रापानी गांव जा रही थी. इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने गोजा जंगल में उनकी हत्या कर दी. बाद में गांव के राहगीरों ने शव देखा और परिजनों को इसकी सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही पालकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया. गुरुवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतका के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं. जिनका विवाह हो चुका है. परिजनों के अनुसार वृद्ध महिला को अक्सर कुछ लोग डायन कहते थे. साथ ही हत्या करने की धमकी भी दी जाती थी. पुलिस मामले में जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें…
बाल विवाह पर प्रशासन की सख्ती, 16 वर्षीय छात्रा की रुकवायी शादी
