गुमला. झारखंड नवनिर्माण दल की केंद्रीय समिति की बैठक सोमवार को परिसदन हॉल गुमला में हुई. अध्यक्षता केंद्रीय सदस्य सुकरा मुंडा ने की. दल के केंद्रीय संयोजक विजय सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित थे. विजय सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा संरक्षित भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक जन गोलबंदी की जायेगी और आम जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन की तैयारी हर स्तर पर की जायेगी. उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार को जनहित के मुद्दों पर विफल बताते हुए कहा कि झारखंड नवनिर्माण दल सरकार की जनविरोधी नीतियों को गांव-गांव तक ले जायेगा, जिससे शोषणकारी सत्ताधारी दलों को कमजोर कर, जनता के पक्ष में काम करने वाली ताकतों को मजबूती दी जा सके. वरिष्ठ नेता सुकरा मुंडा ने झारखंड की वर्तमान हेमंत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अबुआ सरकार का दावा करने वाली सरकार किसानों और मजदूरों के शोषण को रोकने में असफल रही है. उन्होंने राज्य में लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर का विरोध करते हुए मांग की कि बिजली व्यवस्था को पहले की तरह सुधारा जाये, अन्यथा दल आंदोलन को मजबूर होगा. बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए, जिनमें 30 जून को हूल दिवस पर ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट और झारखंड नवनिर्माण दल की राज्य स्तरीय बैठक गुमला में कराना, जनसमस्याओं को लेकर जिला स्तर पर बैठकों का आयोजन और गांव-गांव जाकर जनजागरण अभियान चलाना, रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित महाधरना को सफल बनाना, पार्टी का विस्तार और मजबूती के लिए संगठनात्मक रणनीति पर कार्य करना शामिल हैं. बैठक में मोहम्मद इस्लाम, आनंद साहू, देव कुमार कांशी, चैना धान, शिवचंद मांझी, तारा भूषण पांडे, तेंबू भगत, कृष्णा उरांव, सुनील होरो, बादल सिंह, शंकर उरांव, पुष्पा उरांव, सिलमीना बरजो, विक्की मिंज, शांति देवी, शमीना खातून, अर्चना लकड़ा आदि उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
