गुमला. झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ के आह्वान पर मंगलवार को जिले के डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान ऑपरेटरों ने सरकार और विभाग का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया.
संघ की प्रमुख मांग है कि झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस), पलाश तथा ग्रामीण विकास विभाग में वर्षों से कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को एचआर मैनुअल के लेवल-7 में शामिल किया जाये. साथ ही उनके पद व वेतनमान का उचित निर्धारण करने की मांग की गयी है.
संघ का कहना है कि डाटा एंट्री ऑपरेटर लंबे समय से पूरी निष्ठा के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. इसके बावजूद उनकी सेवा शर्तों और मानदेय को लेकर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. संघ के अध्यक्ष कर्ण कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार और विभाग का ध्यान आकृष्ट कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से काला बिल्ला लगाकर विरोध किया गया है.
यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा. संघ ने राज्य सरकार से ऑपरेटरों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए अविलंब उचित निर्णय लेने की मांग की है.
