गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
गुमला. झारखंड राज्य आजीविका मिशन सोसाइटी में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर अपनी वर्षों पुरानी मांगों को लेकर 12 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. इसी क्रम में लोहरदगा एवं गुमला जिले के डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने शनिवार को लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत से मुलाकात कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से अवगत कराया. डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने सांसद को बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में एफटीइ में समायोजन तथा एल-7 वेतनमान प्रदान करना शामिल है.
उन्होंने बताया कि 6 अगस्त 2026 को जेएसएलपीएस की नई मानव संसाधन (एचआर) नीति लागू की गयी है, जिसमें डाटा एंट्री ऑपरेटरों को एफटीई श्रेणी में रखा गया है. इसके बावजूद विभाग द्वारा उन्हें एफटीइ में शामिल नहीं किया गया है। इससे उन्हें उनके हक और अधिकार से वंचित होना पड़ रहा है. ऑपरेटरों ने सांसद से इस मामले में हस्तक्षेप कर उनकी मांगों के समाधान की दिशा में पहल करने का आग्रह किया.
सांसद सुखदेव भगत ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि इस संबंध में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह से मुलाकात कर डाटा एंट्री ऑपरेटरों की समस्याओं से अवगत कराया जायेगा और न्यायपूर्ण कार्रवाई के लिए पहल की जायेगी. यह जानकारी झारखंड राज्य आजीविका कंप्यूटर ऑपरेटर संघ, जिला इकाई गुमला की ओर से दी गयी.
