गुमला. घरेलू गैस की लगातार किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा. पुलिस लाइन चंदाली में उपभोक्ताओं ने मां शेरावाली इंडेन गैस एजेंसी के वितरण कर्मी मो चरकू को घंटों घेर कर रखा. बताया जा रहा है कि चरकू बाइक से गैस वितरण के सिलसिले में इलाके में पहुंचे थे, तभी पहले से आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेर लिया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गैस की आपूर्ति बाधित है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उपभोक्ताओं ने बताया कि समय पर गैस नहीं मिलने से खाना बनाने तक में परेशानी हो रही है. बार-बार एजेंसी से संपर्क करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों का आक्रोश बढ़ता गया. जैसे वितरण कर्मी मौके पर पहुंचे, गुस्साये लोगों ने उन्हें रोक लिया और जवाब मांगने लगे. देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गयी और लोगों ने उन्हें घंटों तक घेर कर रखा. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने हंगामा किया और एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की. लोगों का कहना था कि गैस वितरण में अनियमितता और मनमानी की जा रही है. कई लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ खास उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाती है. आमलोगों को बार-बार चक्कर काटने पड़ते हैं. इससे क्षेत्र में असंतोष का माहौल बना हुआ है. घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया. काफी मशक्कत के बाद वितरण कर्मी को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला गया. पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को संबंधित एजेंसी तक पहुंचाया जायेगा और जल्द समाधान कराया जायेगा.
घरेलू गैस की किल्लत भड़के उपभोक्ता, वितरण कर्मी को घेरा
घरेलू गैस की किल्लत भड़के उपभोक्ता, वितरण कर्मी को घेरा
