सिसई. भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव ग्राम निवासी 45 वर्षीय आरिफ अंसारी ने बुधवार को अज्ञात कारणों से जहर खाकर आत्महत्या कर ली. मूल रूप से रांची की मिलत कॉलोनी निवासी आरिफ अंसारी का विवाह भड़गांव के छेदु मियां की पुत्री के साथ हुआ था. इसके बाद से वे पिछले 20 वर्षों से भड़गांव में ही घर जमाई के रूप में रह रहे थे. जानकारी के अनुसार आरिफ अंसारी लगभग एक सप्ताह बाद बुधवार को रांची से वापस भड़गांव गांव लौटे थे. घर आने के बाद किसी मामूली बात को लेकर परिवार में आपसी विवाद हो गया, जिससे क्षुब्ध होकर उन्होंने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया. तबीयत बिगड़ते देख परिजन उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सिसई रेफरल अस्पताल ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने गुमला रेफर कर दिया. इसके बाद सदर अस्पताल गुमला में इलाज के क्रम में उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने पर गुमला प्रशासन ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
गुरुकुल में नये बैच में नामांकन जारी
गुमला. डीएसपी रोड स्थित गुरुकुल शिक्षण संस्थान में एसएससी, बैंकिंग, जेएसएससी, रेलवे, एसएससी जीडी, अग्निवीर तथा कक्षपाल जैसी प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए नया बैच आगामी 27 मई से शुरू होगा. साथ ही सुबह 6.30 और 9.30 बजे का नया बैच शुरू हो चुका है. छात्र-छात्राएं अपनी सुविधानुसार किसी भी बैच में नामांकन लेकर कक्षा से जुड़ सकते हैं. यह जानकारी निदेशक रवींद्र सिन्हा ने दी.
