चर्च ईश्वर की उपस्थिति का प्रतीक : विंसेंट आइंद

रेंगोला डुमरटोली स्थित संत जोसेफ चर्च का आशीष व उद्घाटन

रायडीह. रायडीह प्रखंड के रेंगोला डुमरटोली स्थित संत जोसेफ चर्च का आशीष व उद्घाटन समारोह शनिवार को श्रद्धा, भक्ति व उत्साह से संपन्न हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत पवित्र मिस्सा पूजा अनुष्ठान से हुई. मुख्य अधिष्ठान रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद डीडी ने किया. महाधर्माध्यक्ष ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार चर्च भवन का विधिवत आशीष प्रदान किया. उन्होंने वेदी, भवन व श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रार्थना की. अपने आध्यात्मिक संदेश में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आइंद ने कहा है कि चर्च ईश्वर की उपस्थिति का प्रतीक है, जो विश्वास, प्रेम और आध्यात्मिक एकता का नया केंद्र बनेगा. उन्होंने श्रद्धालुओं से समाज में प्रेम, शांति व भाईचारे का संदेश फैलाने का आग्रह किया. मिस्सा पूजा के दौरान कोयल दल द्वारा प्रस्तुत मधुर भक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया. समारोह में फादर सामुएल कुजूर, फादर राजेश तिर्की, फादर अंजेलुश एक्का, सिस्टर माटिल्डा तिर्की, सिस्टर कैथरीन एक्का, सिस्टर इग्नासियुस बरवा, सिस्टर मनीषा मिंज एवं सिस्टर अर्पणा कुजूर समेत सैकड़ों ख्रीस्त विश्वासी उपस्थित थे. सभी ने नये चर्च के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे समुदाय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बतायी. अंत में सभी श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रार्थना की गयी तथा सामूहिक सहभागिता के साथ भव्य कार्यक्रम का समापन हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >