गुमला में बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार पर चेंबर ने जतायी चिंता, पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग

Gumla: गुमला में बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स ने चिंता जताई है. चेंबर प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी से मिलकर ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. पूरी खबर नीचे पढ़ें...

दुर्जय पासवान
Gumla: गुमला शहर में लगातार बढ़ रही चोरी, चेन स्नेचिंग, नशे के कारोबार एवं नशेड़ियों के आतंक को लेकर रविवार को चेंबर ऑफ कॉमर्स गुमला का एक प्रतिनिधि मंडल चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी के नेतृत्व में प्रभारी थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह से मिला. प्रतिनिधि मंडल ने शहर में बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता जताते हुए अपराध मुक्त माहौल बनाने की मांग की. थाना प्रभारी से मिलने वालों में चेंबर के पदाधिकारी राजेश सिंह, संजीव मलानी, बबलू वर्मा, दिनेश अग्रवाल, अनमोल गुप्ता, दामोदर कसेरा एवं अनिकेत कुमार समेत अन्य सदस्य शामिल थे.

शाम होते ही असामाजिक तत्व हावी

चेंबर अध्यक्ष राजेश लोहानी ने कहा कि शहर में लगातार हो रही चोरी, चेन स्नेचिंग और नशे के बढ़ते कारोबार से व्यवसायियों एवं आम लोगों में भय का माहौल है. शाम होते ही असामाजिक तत्व सक्रिय हो जा रहे हैं. जिससे लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है. उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में युवा पीढ़ी तेजी से जा रही है, जो समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से शहर के संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने, नशा कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा चोरी एवं चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर तत्काल रोक लगाने की मांग की.

समय रहते कड़ी कार्रवाई की जरूरत

चेंबर प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अपराध का ग्राफ और बढ़ सकता है. इधर प्रभारी थाना प्रभारी विनय कुमार ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करते हुए कहा है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाये रखना पुलिस की प्राथमिकता है. अपराध और नशा कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस गश्ती बढ़ायी जायेगी तथा अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जायेगी. साथ ही आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की.

ये भी पढ़ें…

Palamu: प्रेम प्रसंग से नाराज मौसा ने की थी पवन की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Latehar: हक के लिए अफसरों से आर-पार की लड़ाई लड़ेगा वन श्रमिक यूनियन, 19 मई से आंदोलन तेज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >