गुमला से दुर्जय पासवान का रिपोर्ट
गुमला. गुमला थाना क्षेत्र स्थित 132/33 केवी गुमला ग्रिड में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए खुदाई के दौरान जेसीबी की लापरवाही से 11 केवी डुमरडीह फीडर का एचटीयूजी केबल क्षतिग्रस्त हो गया. घटना में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड को करीब 1.50 लाख रुपये का नुकसान होने की बात कही गयी है.
मामले को लेकर गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल गुमला के सहायक विद्युत अभियंता हरि उरांव ने थाना में दिये आवेदन में बताया है कि 17 अगस्त को दोपहर करीब 12:40 बजे 132/33 केवी गुमला ग्रिड, पालकोट रोड में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए खुदाई का कार्य कराया जा रहा था.
यह कार्य संवेदक राजकुमार प्रधान की ओर से कराया जा रहा था. आरोप है कि खुदाई के दौरान जेसीबी वाहन संख्या जेएच13सी2775 के चालक और संवेदक की लापरवाही के कारण 11 केवी डुमरडीह फीडर का एचटीयूजी केबल क्षतिग्रस्त हो गया. केबल क्षतिग्रस्त होने से बिजली विभाग को लगभग एक लाख पचास हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई. सहायक विद्युत अभियंता ने पुलिस से मामले में जेसीबी चालक और संबंधित संवेदक के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की जांच में पुलिस जुट गयी है.
