पालकोट: गुमला-सिमडेगा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित दतली जलाशय के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया. जानकारी के अनुसार, डालमिया सीमेंट के डीलरों को लेकर गुमला से मणिपुर जा रही बस (नागेंद्र) की विपरीत दिशा की तरफ से रहे एक ट्रेलर से सीधी भिड़ंत हो गई. इस हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में भी ही अंदर फंस गया.
काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया चालक
इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जहां स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बस में फंसे घायल चालक को बाहर सुरक्षित निकाला. इसके बाद थाना प्रभारी ने उसे एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए पालकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा.
बस में सवार सभी 70 यात्री सुरक्षित
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 70 यात्री सवार थे. हालांकि दुर्घटना में यात्रियों को किसी भी तरह की कोई जान-माल की क्षति नहीं हुई है. और सभी यात्री सुरक्षित हैं. वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और जाम में फंसे यात्रियों को सुरक्षित आगे के लिए रवाना कराया.
