घाघरा. गुमला जिला अंतर्गत घाघरा थाना के बुरहू निवासी 32 वर्षीय अनूप कुमार पांडे की हाथी के हमले में मौत हो गयी, जबकि अनूप के दो साथी किसी प्रकार भाग कर अपनी जान बचायी. अनूप भाजपा के प्रखंड महामंत्री व बुरहू पावर ग्रिड में पीएसएस ऑपरेटर थे. घटना शुक्रवार सुबह की है, जब अनूप पावर ग्रिड ड्यूटी में जा रहे थे. रास्ते में बुरहू पतरा के पास भीड़ देख कर उन्हें वहां हाथी होने का पता चला. इसके बाद उन्होंने जिम्मेदारी दिखाते हुए व्हाट्सएप ग्रुपों में मैसेज भेज कर पूरे इलाके को सतर्क किया और लोगों को वहां न आने की चेतावनी दी. इस दौरान वे दो अन्य साथियों के साथ पतरा के अंदर गये, जहां हाथी ने उन्हें दौड़ा दिया. उनके दो साथी जान बचा कर भाग निकले, लेकिन अनूप हाथी की चपेट में आ गये और हाथी ने उसे पटक-पटक कर मार डाला. काफी देर तक पतरा से वापस नहीं लौटने और फोन नहीं उठाने पर ग्रामीणों ने साहस जुटा कर पतरा के अंदर जाकर देखा तो अनूप का शव लहूलुहान स्थिति में पड़ा था. घटना की सूचना पर थानेदार मोहन कुमार सिंह, रेंजर बिरसा लोहरा, फॉरेस्टर शमी आफताब, प्रधान वनरक्षी सुनील राम व पीटर बाड़ा मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया.
हाथी ने भाजपा नेता को पटक-पटक कर मार डाला, दो दोस्तों ने भाग कर बचायी जान
अनूप पांडे हाथी से लोगों को सतर्क करने के दौरान खुद हाथी का शिकार बन गये
