गुमला. महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार पोषण अभियान के तहत गुमला जिले में पोषण पखवारा आयोजित किया गया है. इसके तहत शुक्रवार को समाहरणालय भवन परिसर से उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने जागरूकता रथ को रवाना किया. रथ के माध्यम से शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलायी जायेगी. इस वर्ष पोषण पखवारा का मुख्य थीम बचपन के पहले छह साल पोषण, पढ़ाई के लिए बेमिसाल रखा गया है. पोषण पखवारा के दौरान जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. साथ ही 15 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक वृद्धि निगरानी सप्ताह का आयोजन करते हुए बच्चों की वृद्धि की नियमित निगरानी एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जायेगा. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि कुपोषण एक गंभीर सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी चुनौती है, जिससे निपटने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों, पदाधिकारियों व कर्मियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाते हुए गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें. बच्चों के सही पोषण को लेकर शपथ ग्रहण भी कराया गया. मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं व कर्मी उपस्थित थे.
पोषण पखवारा के तहत जागरूकता रथ रवाना
कुपोषण से निपटने के लिए जनभागीदारी आवश्यक : डीसी
