बसिया. पुलिस प्रशासन की ओर से स्कूली बच्चों को सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए पुलिस की पाठशाला अभियान के तहत मंगलवार को उच्च विद्यालय कुम्हारी में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें एसडीपीओ बसिया शिवशंकर मरांडी ने छात्र-छात्राओं की कक्षा ली और उन्हें साइबर सुरक्षा, पॉक्सो, डायन प्रथा, महिला सुरक्षा, नशापान, अंधविश्वास, मानव व्यापार और आधारभूत नैतिक शिक्षा समेत विभिन्न विषयों की जानकारी दी.
इंटरनेट के दौर में सावधानी जरूरी
एसडीपीओ ने वर्तमान समय में प्रासंगिक सामाजिक और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बच्चों को जागरूक नागरिक बनने की सीख देते हुए कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के दौर में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है.
उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक, फर्जी लॉटरी मैसेज या नौकरी के लुभावने विज्ञापन पर क्लिक नहीं करना चाहिए. फर्जी लिंक और आकर्षक ऑफर के जरिए साइबर ठगी हो सकती है.
ओटीपी और बैंक की जानकारी साझा न करें
एसडीपीओ ने बच्चों को बताया कि ओटीपी, पासवर्ड, बैंक से जुड़े विवरण, एटीएम पिन या ओटीपी माता-पिता की अनुमति के बिना किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए. सोशल मीडिया पर अजनबियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से भी बचना चाहिए.
उन्होंने बच्चों को अपनी निजी तस्वीरें और व्यक्तिगत जानकारी सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करने की सलाह दी. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अभिभावकों या संबंधित अधिकारियों को देने की बात कही.
ये रहे मौजूद
मौके पर एचएम मेरी ग्रेस इंदवार, प्रकाश बड़ाईक, सुनीता कुमारी, जॉन नितेश कुमार, दीपक कुमार लकड़ा, माइकेल इंदवार, सुनील इंदवार, घनश्याम उरांव, महाबीर साहू सहित अन्य मौजूद थे.
