शादी का झांसा देकर ठगी का प्रयास, पुलिस की तत्परता से बची युवती

शादी का झांसा देकर ठगी का प्रयास, पुलिस की तत्परता से बची युवती

चैनपुर. जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में एक युवती ऑनलाइन ठगी का शिकार होते-होते बच गयी. इस मामले में चैनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से युवती के हजारों रुपये लूटने से बच गये. उक्त युवती को तीन माह पूर्व अपनी एक सहेली के माध्यम से एक युवक का मोबाइल नंबर मिला था. नंबर मिलने के बाद युवती उस युवक से बातचीत करने लगी. व्हाट्सऐप पर दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा. इसके बाद युवक ने युवती को शादी के सपने दिखाये और एक दिन अचानक फोन कर बताया कि वह उससे शादी करने आ रहा है. इसके कुछ देर बाद फिर युवक ने युवती को फोन किया और बताया कि उसे रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. युवक ने युवती को बताया कि पुलिस उसे छोड़ने के लिए 15 हजार रुपये मांग रही है. युवक पैसे लेने के लिए युवती को व्हाट्सऐप पर एक क्यूआर कोड भेजा. रांची पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये जाने की बात जानकर युवती घबरा उठी. युवती ने युवक द्वारा वाट्सऐप पर भेजे गये क्यूआर कोड में पैसे डालने से पहले सीधे चैनपुर थाना पहुंची और एएसआइ राजेंद्र मंडल से मुलाकात कर उन्हें सारी बात बतायी. युवती की बात सुन कर एएसआइ राजेंद्र मंडल ने मामले की गंभीरता को समझा और त्वरित जांच की. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि युवक द्वारा युवती को ठगने के लिए पुलिस द्वारा गिरफ्तारी की कहानी बनायी गयी. यह एक सुनियोजित साइबर ठगी का प्रयास है. इसके बाद एएसआइ ने युवती को युवक के ठग होने की बात बतायी और पैसे भेजने से मना किया, जिससे युवती बड़े साइबर ठगी की शिकार होने से बच गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >