सड़क हादसे में सहायक शिक्षक घायल , रांची रेफर

सड़क हादसे में सहायक शिक्षक घायल , रांची रेफर

भरनो. भरनो प्रखंड के उत्क्रमित मवि लोंगा के नवनियुक्त शिक्षक तेतरपोका निवासी जावेद हुसैन मंगलवार की देर शाम एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गये. जावेद हुसैन जनगणना का कार्य पूरा कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इस दौरान तेतरपोका मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कुछ दूरी पर जा गिरी और शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रांची रेफर कर दिया. परिजनों ने उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां वे जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. चिकित्सकों के अनुसार जावेद हुसैन के इलाज के लिए तत्काल दो लाख रुपये की आवश्यकता है. हालांकि पिछले छह महीने से सहायक शिक्षकों को वेतन नहीं मिलने के कारण पीड़ित परिवार के समक्ष इलाज का खर्च उठाना एक गंभीर चुनौती बन गयी है. इस संकट की घड़ी में प्रखंड के सभी शिक्षक एकजुट होकर उनके लिए आर्थिक मदद जुटाने के प्रयास में लग गये हैं. घटना की सूचना मिलते अंचलाधिकारी अविनाश कुजूर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल शिक्षक को तत्काल 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और आगे भी हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >