गुमला. जिले में जमीन बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित (वर्तमान में भारतीय सेना में कार्यरत है) ने थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उससे 13.50 लाख रुपये लेने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री नहीं की गयी और शेष पांच लाख रुपये भी हड़प लिए गये. पीड़ित के अनुसार जमीन की जरूरत के दौरान उसके संपर्क में आये दो सगे भाइयों ने अपनी जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया. जमीन देखने और बातचीत के बाद प्रति डिसमिल 2.41 लाख रुपये की दर तय हुई और सात डिसमिल जमीन खरीदने पर सहमति बनी. 31 जनवरी 2021 को एक एकरारनामा तैयार किया गया, जिसके तहत पीड़ित ने लोन लेकर पहली किस्त के रूप में पांच लाख रुपये चेक के माध्यम से भुगतान किया. आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने समय-समय पर और पैसे की मांग की. इस पर पीड़ित ने 15 मार्च 2022 को अलग-अलग चेक के माध्यम से 8.50 लाख रुपये और दिये. इस तरह कुल 13.50 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया. तय हुआ था कि शेष प्रक्रिया रजिस्ट्री के समय पूरी की जायेगी, लेकिन जब भी पीड़ित ने रजिस्ट्री की बात की, आरोपियों ने बहाने बना कर टाल दिया. बाद में आरोपियों ने जमीन की कीमत बढ़ने का हवाला देते हुए और पैसे की मांग शुरू कर दी. असमर्थता जताने पर पीड़ित ने अपना पैसा वापस मांगा. दबाव के बाद पांच अक्टूबर 2023 को एक नये एकरारनामा के तहत आरोपियों ने 8.50 लाख रुपये लौटा दिये और शेष पांच लाख रुपये जल्द देने का वादा किया. पीड़ित का कहना है कि तय समय बीतने के बावजूद बाकी रकम वापस नहीं की गयी है. उल्टा पैसे की मांग करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि एकरारनामा में प्लॉट और थाना संख्या गलत दर्ज है, जिससे शुरू से ही धोखाधड़ी की आशंका जतायी जा रही है. फिलहाल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जमीन सौदे में सेना के जवान लाखों रुपये की ठगी
पैसे मांगने पर जान से मारने की मिल रही धमकी
