गुमला. इंटरमीडिएट व मैट्रिक बोर्ड परीक्षा के सुचारु, निष्पक्ष व कदाचारमुक्त संचालन को लेकर सोमवार को उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित व पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक हुई. बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों व जिला दंडाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. उपायुक्त ने कहा कि सभी पदाधिकारी परीक्षा प्रणाली से भली-भांति परिचित हैं, अतः अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें. उन्होंने प्रश्नपत्रों के मूवमेंट को अत्यंत संवेदनशील बताते हुए निर्देश दिया कि प्रश्नपत्रों को बिना किसी ठहराव के सीधे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया जाये. किसी भी आपात स्थिति में संबंधित थाना को तत्काल सूचना देने तथा वाहन में जीपीएस सिस्टम सक्रिय रखने का निर्देश दिया गया. साथ ही कंट्रोल रूम के लॉग बुक में प्रश्नपत्रों के निर्बाध मूवमेंट की प्रविष्टि अनिवार्य की गयी. उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, वीडियो रिकॉर्डिंग, कोटपा अधिनियम के अनुपालन तथा झारखंड परीक्षा संचालन अधिनियम 2001 से संबंधित पोस्टर प्रदर्शित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पूर्व ही खोले जायेंगे. किसी भी प्रकार की लापरवाही, कदाचार या प्रश्नपत्र लीक की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई व प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. गौरतलब है कि इस वर्ष जिले में कुल 57 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट व मैट्रिक की परीक्षा आयोजित की जायेगी. इसमें 8014 विद्यार्थी इंटरमीडिएट व 13,852 विद्यार्थी मैट्रिक परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा की प्रथम पाली सुबह 9:45 बजे से एक बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर दो बजे से 5:15 बजे तक निर्धारित है. बैठक में डीडीसी दिलेश्वर महतो, डीएससीओ, एसडीपीओ, एनडीसी, डीएसओ समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे.
परीक्षा केंद्रों में बैग, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स आदि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे : एसपी
पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा ने बताया कि परीक्षा दिवस पर अधिकृत पदाधिकारी सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच करेंगे. ट्रेजरी से परीक्षा केंद्र तक प्रश्नपत्रों के परिवहन के दौरान वीडियो साक्ष्य सुरक्षित रखा जायेगा तथा केंद्र पहुंचने पर प्रश्नपत्र केंद्राधीक्षक को विधिवत सौंपा जायेगा. उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों के लिए बैग, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स आदि पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे, इसलिए प्रवेश द्वार पर सघन जांच की व्यवस्था की जाये. एसपी ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर कार्यशील सीसीटीवी कैमरे हों, जिनकी लाइव फीड कंट्रोल रूम में उपलब्ध रहे. प्रखंड स्तर पर उत्तर पुस्तिकाओं के स्ट्रांग रूम, शौचालयों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिये गये, ताकि किसी प्रकार की चीटिंग की संभावना न रहे. साथ ही परीक्षा से पूर्व परिवहन व्यवस्था की जांच कर वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने एवं परीक्षा दिवस पर यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ रखने पर जोर दिया गया.
