गुमला. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 30 मार्च से तीन अप्रैल तक आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में गुमला की होनहार तीरंदाज अनुराधा कुमारी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. झारखंड राज्य रिजर्व महिला टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अनुराधा ने रजत पदक जीत कर न केवल गुमला जिले, बल्कि राज्य का नाम रोशन किया है. रिजर्व महिला टीम स्पर्धा के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में झारखंड की टीम का सामना नागालैंड से हुआ. कड़े संघर्ष के बाद झारखंड को 2-6 से हार का सामना करना पड़ा और टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा. इस गौरवशाली टीम में अनुराधा कुमारी के साथ सुप्रसिद्ध तीरंदाज कोमालिका बारी और मनीषा कुमारी भी शामिल थीं. व्यक्तिगत स्पर्धा में भी अनुराधा ने शानदार प्रदर्शन किया. हालांकि कांस्य पदक के मुकाबले में उन्हें नागालैंड की खिलाड़ी से 4-6 से शिकस्त झेलनी पड़ी और वे पदक से बाल-बाल चूक गयी. अनुराधा कुमारी गुमला जिले के नावाडीह प्रखंड स्थित फट्टी गांव के निवासी रमेश तिर्की की पुत्री हैं. सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश की चुनौतियों के बावजूद अनुराधा ने अपनी मेहनत और समर्पण से यह मुकाम हासिल किया है. वर्तमान में वह रांची स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (खेलगांव) में प्रशिक्षक करण कुमार कर्मकार व रवि शंकर के कुशल मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है. अनुराधा की इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला तीरंदाजी संघ की सचिव सह अनुराधा की प्रारंभिक कोच अंकिता तिवारी व प्रवीण मिश्रा समेत जिले के समस्त खेलप्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।