गुमला: विद्युत विभाग की टीम ने गुमला शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. जांच के दौरान एलटी तार में अवैध रूप से टोका लगाकर घरेलू और व्यावसायिक कार्यों के लिए बिजली का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया. विभाग ने छह लोगों के खिलाफ गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
विभाग के अनुसार पालकोट रोड निवासी विली कुमार पर बिजली चोरी और क्षतिपूर्ति के रूप में 31,536 रुपये की राशि निर्धारित की गई है. कोटेंगसेरा बाजार टांड़ निवासी भरत प्रसाद पर 10,658 रुपए और संतोष प्रसाद पर 25,930 रुपए की राशि तय की गई है. इसी तरह मुरकुंडा निवासी राहुल कुमार साहू पर 10,658 रुपए, पालकोट रोड निवासी राजेंद्र प्रसाद पर 10,658 रुपए और जसपुर रोड निवासी पाशु साहू पर 8,526 रुपए की क्षतिपूर्ति व बकाया राशि निर्धारित की गई है.
ये भी पढ़ें- सरकार के साथ छात्रों की वार्ता चंद घंटो में, नतीजे पर सबकी निगाहें
अवैध कनेक्शन की पहचान के बाद कार्रवाई
विद्युत विभाग की टीम ने जांच के दौरान बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे अवैध कनेक्शन की पहचान की. इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने संबंधित थाना को इसकी सूचना दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए आवेदन दिया. विभागीय अधिकारी के आवेदन के आधार पर गुमला थाना में सभी छह लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
विद्युत विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि बिजली का अवैध रूप से उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई के साथ निर्धारित क्षतिपूर्ति और बकाया राशि की वसूली भी की जाएगी.
