गुमला. एसडीओ सदर राजीव नीरज व डीएमओ विभूति कुमार के नेतृत्व में बुधवार को सिसई प्रखंड के केउंदचावरा व पाटसरना (बालू घाट) का निरीक्षण व छापेमारी की गयी. अभियान में जिला खनन पदाधिकारी व अंचलाधिकारी सिसई शामिल रहे. निरीक्षण के दौरान बंदोबस्ती धारी के प्रतिनिधि की उपस्थिति में बालू घाट का निरीक्षण किया गया. जांच के क्रम में घाट पर अनियमितता पायी गयी, जिसके लिए बंदोबस्तीधारी को कारण पृच्छा नोटिस निर्गत किया गया. साथ ही निर्देशित किया गया कि नियमानुसार ही बालू का उठाव सुनिश्चित करें, अन्यथा विधि-सम्मत कार्रवाई की जायेगी. इस क्रम में अधिकारियों ने बालू लदा हाइवा जब्त किया है. बसिया-सिसई पथ पर झटनीटोली के समीप बालू लदे हाइवा (बीआर-24जीबी- 5711) की जांच की गयी. जांच के दौरान वाहन चालक द्वारा बालू से संबंधित वैध खनिज परिवहन चालान प्रस्तुत नहीं किया गया, जिस पर वाहन को बालू समेत जब्त करते हुए सिसई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. एसडीओ राजीव नीरज ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध जारी रहेगी कार्रवाई : एसडीओ
केउंदचावरा व पाटसरना बालू घाट का किया निरीक्षण, मिली अनियमितता
