गुमला. गुमला की एक युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, मारपीट और जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है. इस संबंध में पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक गुमला को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. पीड़िता ने आवेदन में बताया है कि उसकी मुलाकात वर्ष 2023 में गोवा के वेणा पंचायत स्थित एक कंपनी में काम करने के दौरान पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र निवासी पोपन मरांडी से हुई थी. बातचीत के क्रम में आरोपी ने शादी का प्रलोभन दिया और उसके साथ किराये के मकान में रहने लगा. इस दौरान पीड़िता के मना करने के बावजूद आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाये. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने शादी का वादा कर लगातार उसका शोषण किया. इस दौरान जनवरी 2024 में जब वह गर्भवती हुई, तो आरोपी ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया. इसके बाद भी वह शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा. इसके बाद तीन फरवरी 2026 को आरोपी उसे गोवा से राउरकेला लेकर आया और वहां से गुमला जाने के लिए बस में बैठा दिया. जबकि खुद अपने घर पाकुड़ चला गया. इसके बाद 20 मार्च 2026 से उसने पीड़िता से बातचीत बंद कर दी. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी द्वारा उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार भी किया गया है. अब आरोपी शादी से इनकार कर रहा है. मामले को लेकर पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण व मारपीट करने का लगाया आरोप
पीड़िता ने एसपी गुमला को लिखित आवेदन देकर लगायी है न्याय की गुहार
