प्रतिनिधि, गुमला गुमला सदर थाना क्षेत्र के रकमसेरा निवासी श्रवण साहू ने एक व्यक्ति पर मारपीट और लूटपाट का गंभीर आरोप लगाते हुए थाना में लिखित आवेदन दिया है. आवेदन में उन्होंने बताया कि रविवार सुबह लगभग 7:30 बजे वह करमडीपा पेट्रोल पंप से तेल भरवाकर होटल लौट रहे थे. इसी दौरान एरोड्राम मोड़ के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो, जिस पर डीएमओ का बोर्ड लगा था, उनके पास आकर रुकी. वाहन में मौजूद नीरज कुमार ने उन्हें बुलाया और कथित रूप से थप्पड़ मारते हुए गाली-गलौज की. श्रवण साहू का आरोप है कि इसके बाद उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई और कॉलर पकड़कर जबरन वाहन में बैठा लिया गया. उन्होंने बताया कि उनके पास रखे तीन हजार रुपये नकद, गले की चांदी की चेन और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन (जियो सिम नंबर 7765073468 सहित) छीन लिया गया. साहू ने यह भी कहा कि उन्हें सुबह करीब 7:45 बजे गुमला थाना लाकर उनकी इच्छा के विरुद्ध बैठाए रखा गया और काफी अनुरोध के बावजूद छोड़ा नहीं गया.
इसके बाद उन्होंने थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई और कानूनी कार्रवाई की मांग की. यह मामला स्थानीय स्तर पर गंभीर चर्चा का विषय बना हुआ है.
