भरनो(गुमला). भरनो थाना के समसेरा नदी के समीप सोमवार की शाम सात बजे एक युवती से गैंगरेप हुआ है. गैंगरेप के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो घंटे के अंदर चार आरोपियों को भरनो पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है. आरोपियों में समसेरा गांव निवासी राजकुमार उरांव (21), विष्णु गोप (19), नरकोपी थाना क्षेत्र के मसियातू गांव निवासी विकास मुंडा (22) व बटकुरी गांव निवासी विकास उरांव (21) शामिल हैं. ज्ञात हो कि पीड़िता रायकेरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गयी थी. चारों आरोपी युवक भी उसी शादी समारोह में शामिल हुए थे. शादी समारोह में शामिल होने के बाद युवती वापस अपने गांव जाने के लिए समारोह स्थल से बाहर निकली थी, तभी एक आरोपी ने उसे घर पहुंचाने की बात कह कर अपनी बाइक पर बैठा लिया और समसेरा नदी के समीप आरोपी ने बाइक रोक कर अपने तीन अन्य दोस्तों को वहां बुला लिया. इसके बाद चारों आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़ कर फरार हो गये. युवती किसी तरह अपने घर पहुंच परिजनों को घटना की जानकारी दी. युवती एक आरोपी को पहचान चुकी थी. रात में ही युवती अपने परिजनों के साथ थाना पहुंची और आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज करायी. इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी कंचन प्रजापति व एसआइ अभिनंदन कुमार ने दल-बल के साथ छापेमारी कर महज दो घंटे में ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मंगलवार की सुबह न्यायिक हिरासत में भेज दिया. थाना प्रभारी ने कहा : थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपनी बच्चियों को शादी-विवाह, जतरा-मेला में अकेले नहीं भेजें. इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं. इससे पूर्व भी एक युवती जायरा जतरा देख कर शाम को अकेले घर जा रही थी और उसके साथ गैंगरेप की घटना घटी थी.
भरनो में शादी समारोह से घर लौट युवती के साथ गैंगरेप
शिकायत दर्ज होते पुलिस ने कार्रवाई कर चारों आरोपियों को किया गिरफ्तार
