कोजांग से कड़ांग वाया ढौटाटोली तक 3.5 किमी सड़क बनेगी

उपायुक्त ने कड़ांग गांव का किया दौरा, कई समस्याओं का किया ऑन द स्पॉट समाधान

गुमला. प्रभात खबर में खबर छपने के बाद उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने रायडीह प्रखंड की जरजट्टा पंचायत स्थित राजस्व ग्राम कड़ांग पहुंच समस्याओं से अवगत हुई. साथ ही कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान किया. दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण गांव तक पहुंचने के लिए उपायुक्त को लगभग दो किमी की दूरी पैदल तय करनी पड़ी. यह पहली बार था जब किसी उपायुक्त ने इस गांव तक प्रत्यक्ष रूप से पहुंच कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया. लगभग 235 की आबादी वाले गांव में पहुंच कर उपायुक्त ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं कृषि से संबंधित परेशानियों की जानकारी दी. मौके पर उपायुक्त ने कहा कि प्रोजेक्ट द्वार का उद्देश्य यही है कि प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचे और लोगों को योजनाओं का लाभ कैंप के माध्यम से उपलब्ध कराये. किसी भी नागरिक को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. सड़क की समस्या को लेकर उपायुक्त ने बताया कि कोजांग से कड़ांग वाया ढौटाटोली तक लगभग 3.5 किमी सड़क निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सर्वे कराया जा रहा है. साथ ही तत्काल आवागमन सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मनरेगा के तहत अस्थायी सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया. उन्होंने जानकारी दी कि भेलवाडीह से सान्याकोना वाया कोजांग-खुटियारी तक लगभग पांच किमी सड़क निर्माण की स्वीकृति मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के अंतर्गत प्राप्त हो चुकी है, जिसका टेंडर पूरा कर लिया गया है और अप्रैल 2026 तक निर्माण कार्य पूर्ण होने की संभावना है. इसके अलावा नवागढ़ से वासुदेव कोना तक 3.10 किमी सड़क का निर्माण एमएमजीएसएसवाइ के तहत तथा वासुदेव कोना से भेलवाडीह प्राथमिक विद्यालय तक 4.50 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विशेष प्रमंडल द्वारा कराया जा रहा है, जिसे अप्रैल माह तक पूरा किये जाने की संभावना है. उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी स्वीकृत सड़क कार्य आगामी तीन माह के भीतर शुरू हो जायेंगे. मौके पर निदेशक डीआरडीए, कार्यपालक अभियंता पीएचइडी, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग, जिला कृषि पदाधिकारी, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी रायडीह, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >