जिम्मेदार लोगों पर की जायेगी कार्रवाई

ललमटिया खान दुर्घटना. पीयूष गोयल ने कहा रांची : इसीएल ललमटिया कोयला खदान दुर्घटना के जिम्मेवार लोगों पर कार्रवाई की जायेगी. यह बात केंद्रीय कोयला मंत्री पीयूष गोयल ने राज्यसभा में उठाये गये सवाल के जवाब में कही. राज्यसभा में सांसद डॉ प्रदीप बलमुचु, डी राजा और संजीव कुमार ने ललमटिया खदान दुर्घटना की जांच […]

ललमटिया खान दुर्घटना. पीयूष गोयल ने कहा
रांची : इसीएल ललमटिया कोयला खदान दुर्घटना के जिम्मेवार लोगों पर कार्रवाई की जायेगी. यह बात केंद्रीय कोयला मंत्री पीयूष गोयल ने राज्यसभा में उठाये गये सवाल के जवाब में कही. राज्यसभा में सांसद डॉ प्रदीप बलमुचु, डी राजा और संजीव कुमार ने ललमटिया खदान दुर्घटना की जांच के बाबत जानकारी मांगी थी. इस पर मंत्री श्री गोयल ने कहा कि 29.12.2016 को दुर्घटना हुई थी. इसमें 23 कामगारों के दबने की सूचना मिली थी. अब तक 18 शवों को निकाला जा चुका है. बैंचिंग के जरिये ऊपरी ओवर बर्डन को हटाने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की गयी है. इस योजना को विशेषज्ञों की जांच के लिए प्रस्तुत किया गया है. विशेषज्ञों की जांच के बाद बचाव कार्यों को पुन: शुरू करने के लिए डीजीएमएस का अनुमोदन लिया जायेगा.
मंत्री ने कहा कि इसीएल के आंतरिक सुरक्षा संगठन द्वारा की गयी जांच के आधार पर राजमहल ओपेन कास्ट परियोजना के प्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है तथा दो अन्य अधिकारियों को आरोप पत्र जारी किया गया है. इसके अलावा डीजीएमएस द्वारा जांच की जा रही है और दुर्घटना की जांच करने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड द्वारा एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति भी गठित की गयी है. जांच के निष्कर्षों के आधार पर उत्तरदायी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी.
मंत्री ने कहा कि कर्मचारी मुआवजा आयुक्त सह पीठासीन अधिकारी, श्रम न्यायालय के पास 7.50 लाख रुपये लेकर 8.96 लाख रुपये तक की कामगार मुआवजा राशि जमा कर दी गयी है. इस राशि के अलावा इसीएल प्रत्येक मृतक के निकट संबंधी को पांच लाख रुपये मुआवजा का भुगतान करेगा. इसके अलावा झारखंड सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है. मंत्री ने कहा है कि खदान में कार्यरत मेसर्स महालक्ष्मी इंफ्रा प्रा लि के 23 कर्मचारी के ओवर बर्डन स्लाइड में फंंसने की सूचना मिली थी. इसीएल का कोई कर्मचारी इस दुर्घटना में शामिल नहीं था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >