बेटी ने एलआइसी के नाम पर मां से ठगे 1.10 लाख रुपये

थाना पहुंचा मामला

गुमला. रिश्तों की बुनियाद भरोसे पर टिकी होती है, लेकिन जब यही भरोसा अपनों के हाथों टूट जाये तो दर्द और गहरा हो जाता है. ऐसा ही एक मामला गुमला थाना क्षेत्र के किता गांव से सामने आया है, जहां एक अनपढ़ मां को उसकी ही पढ़ी-लिखी बेटी ने एलआइसी के नाम पर धोखा दे दिया. मामला थाना पहुंच चुका है और पुलिस जांच में जुटी है. पीड़िता धर्मी देवी ने अपनी बेटी रीना कुमारी (26 वर्ष) पर पूरा विश्वास करते हुए वर्ष 2018 में एलआइसी खाता खुलवाने के लिए अपने सभी जरूरी दस्तावेज उसे सौंप दिये थे. रीना बीए तक शिक्षित है और शबरी आश्रम में रह चुकी है. आरोप है कि मां के नाम पर खाता खोलने के बजाय उसने अपने ही नाम पर पॉलिसी ले ली और सभी दस्तावेज अपने पास रख लिये. अनपढ़ मां को भरोसे में रखने के लिए रीना समय-समय पर कागजात दिखाती रही, जिससे धर्मी देवी को कोई शक नहीं हुआ. मां हर साल 22 हजार रुपये बेटी को देती रही, यह सोच कर कि उसकी जमा पूंजी सुरक्षित हो रही है. पांच वर्षों में कुल 1 लाख 10 हजार रुपये जमा हो गये. मामले ने उस समय नया मोड़ लिया जब मां को बेटी के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली. इससे आहत होकर उन्होंने पैसे देना बंद कर दिया. इस बीच रीना अचानक शबरी आश्रम से गायब हो गयी. खोजबीन में पता चला कि वह अपने प्रेमी अतुल साहू के साथ किराये के मकान में रह रही है. मां ने थाना में आवेदन देकर प्रेमी पर बेटी को भगाने का आरोप लगाया. पुलिस ने दोनों को बरामद कर थाना लाया, जहां दोनों ने साथ रहने की बात कही. इस दौरान एलआइसी के पैसे लौटाने का आश्वासन भी दिया गया. पहले पॉलिसी तोड़ कर रकम लौटाने की बात कही गयी, फिर दो महीने में पैसे देने का वादा किया गया. लेकिन अब सात महीने बीत चुके हैं. न तो पैसे लौटाये गये और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया है. बेटी लगातार आश्वासन दे रही है, जबकि मां इस धोखे से टूट चुकी है. अब धर्मी देवी ने बेटी के खिलाफ पुनः धोखाधड़ी का आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन मिलते पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >