गुमला. शहर में मुर्गी पालन (पोल्ट्री फार्म) के नाम पर लाखों रुपये की ठगी, मारपीट व जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है. पीड़ित ने थाना में आवेदन देकर तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा की गुहार लगायी है. जानकारी के अनुसार रजा कॉलोनी निवासी मो आफताब आलम ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2018 से उसकी पहचान फुलवारटोली (करमटोली) निवासी शीतल मिंज से थी, जो अक्सर उसकी बाइक मरम्मत की दुकान पर आता-जाता था. आपसी विश्वास के कारण दोनों के बीच संबंध मजबूत हो गया था. पीड़ित के अनुसार वर्ष 2019 में सड़क दुर्घटना के दौरान उसने शीतल मिंज और उसके परिवार की आर्थिक मदद की थी. इस विश्वास का फायदा उठाते हुए शीतल मिंज व अन्य दो लोगों ने मिल कर पोल्ट्री फार्म खोलने का प्रस्ताव रखा. उन्होंने जमीन और अन्य संसाधन होने की बात कह कर करीब 10 लाख रुपये निवेश की जरूरत बतायी. आरोप है कि झांसे में आकर पीड़ित ने किश्तों में करीब 9.5 लाख रुपये नगद, एटीएम व यूपीआइ के माध्यम से दे दिये. यहां तक कि भरोसे में आकर उसने अपना एटीएम कार्ड भी सौंप दिया. अब पैसा मांगने पर वापस नहीं कर रहा है. फिलहाल पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गयी है.
पोल्ट्री फार्म के नाम पर 9.5 लाख की ठगी, प्राथमिकी दर्ज
पोल्ट्री फार्म के नाम पर 9.5 लाख की ठगी, प्राथमिकी दर्ज
