महिला किसान के खाते से आठ किस्तों में 60 हजार की ठगी

दोनों पीड़िताओं ने थाना में लिखित आवेदन देकर की कार्रवाई करने की मांग

गुमला. गुमला में साइबर ठगी व बैंक खातों से अवैध निकासी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. ताजा मामला में सदर थाना की एक महिला किसान के बैंक खाते से एक ही दिन में आठ किस्तों में 60 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी. वहीं चैनपुर प्रखंड की एक महिला के खाते से भी 14 हजार रुपये निकलने जाने का मामला प्रकाश में आया है. दोनों पीड़िताओं ने थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई करने की मांग की है. सदर थाना की खोरा पंचायत अंतर्गत लांजी गांव निवासी महिला किसान बालमती देवी ने थाना में दिये आवेदन में बताया है कि उनका खाता पालकोट रोड स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक शाखा में है. उन्होंने बताया कि एक मई को उनका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया था. फोन हैक होने के बाद उन्हें साइबर ठगी की आशंका हुई. इसके बाद जब वे बैंक पहुंच कर अपने खाते की जानकारी लीं, तो खाते से 60 हजार रुपये की निकासी होने की बात सामने आयी है. पीड़िता के अनुसार उनके खाते से पांच-पांच हजार रुपये की चार किस्तों में कुल 20 हजार रुपये तथा 10-10 हजार रुपये की चार किस्तों में कुल 40 हजार रुपये निकाल लिये गये. खास बात यह है कि सभी निकासी एक ही दिन और लगभग एक ही समय पर की गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने थाना पहुंच कर शिकायत दर्ज करायी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

इंडियन ओवरसीज बैंक के खाते से 14 हजार की निकासी: इधर साइबर ठगी अथवा अवैध निकासी का एक अन्य मामला चैनपुर प्रखंड के सतखरी गांव से सामने आया है. गांव की शांति उरांव ने थाना में आवेदन देकर बताया है कि उनके इंडियन ओवरसीज बैंक खाते से 14 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी है. शांति उरांव ने आवेदन में आशंका जतायी है कि यह राशि साइबर ठगों द्वारा निकाली गयी हो सकती है. उन्हें अपने बेटे द्वारा भी बिना जानकारी के पैसे निकाल लेने का संदेह है. दोनों मामलों में पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है और बैंक खातों के लेन-देन की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. साथ ही लोगों से मोबाइल फोन, बैंक खाते, ओटीपी और अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >