सिसई. अवैध बालू उत्खनन व भंडारण को लेकर जिला टास्क फोर्स ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए जलका गांव में अवैध रूप से रखे 36 हजार घन फीट अवैध बालू जब्त किया. इस मामले में जिला खान निरीक्षक नीरज कुमार ने चार नामजद समेत भंडारण करने में शामिल अज्ञात हाइवा चालक व मालिक के विरुद्ध केस दर्ज कराया है. आरोपियों में केश्वर महली, ब्रजेश उरांव, विजय महली व चुंदा उरांव शामिल हैं. सभी जलका गांव के रहने वाले हैं. दर्ज केस में कहा गया है कि जिला टास्क फोर्स ने बुधवार को अवैध बालू उत्खनन की रोकथाम के लिए जलका नदी में औचक छापेमारी की. इस दौरान चार जगहों पर करीब 36 हजार घन फीट बालू भंडारण पाया गया. उक्त स्थल पर किसी प्रकार का कोई भंडारण संबंधित अनुज्ञप्ति नहीं है. स्थानीय लोगों से पूछताछ के क्रम में केश्वर महली, ब्रजेश उरांव, विजय महली व चुंदा उरांव द्वारा नदी से बालू निकाल कर बालू का व्यापार किये जाने की जानकारी मिली. बालू जब्त करने में डीएमओ विभूति कुमार, एसडीओ राजीव नीरज व एसडीपीओ सुरेश प्रसाद शामिल थे.
बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का किया आग्रह
गुमला. समाजसेवी मुख्तार आलम ने बुधवार को अपनी टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंच भालू के हमले में घायल रजनी देवी से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मरीज की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों से चर्चा कर और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आग्रह किया.
