हज यात्रा पर जाने वाले 30 जायरीनों को मिला विशेष प्रशिक्षण

हज यात्रा पर जाने वाले 30 जायरीनों को मिला विशेष प्रशिक्षण

गुमला. हज यात्रा पर जाने वाले जिले के 30 जायरीनों को अर्श पैलेस में बुधवार को विशेष प्रशिक्षण दिया गया. हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य यात्रियों को हज से जुड़ी धार्मिक, स्वास्थ्य व प्रशासनिक प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी देना रहा, ताकि वे यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से पूरा कर सके. प्रशिक्षण सत्र में स्टेट हज ट्रेनर सरफराज अहमद, स्टेट हज इंस्पेक्टर वाहिद अंसारी, जिला को-ऑर्डिनेटर हाजी हसनैन और हाजी हामिद ने हज की पूरी प्रक्रिया समझायी. प्रशिक्षकों ने यह भी बताया कि किसी आपात स्थिति में प्रशासनिक और मेडिकल सहायता कैसे प्राप्त की जाये. जिला को-ऑर्डिनेटर हाजी हसनैन ने हाजियों के स्वास्थ्य पर विशेष जोर देते हुए कहा कि हज एक लंबी और शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण यात्रा होती है. इसलिए फिट रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने जानकारी दी कि सभी जायरीनों का वैक्सीनेशन 12 फरवरी को कराया जा चुका है. इस वर्ष हज यात्रा पर जाने वालों में मो खुर्शीद उर्फ पप्पू व उनकी पत्नी बेबी शबनम, सारिक आजमी व उनकी पत्नी अंबरी खातून, अब्दुल हकीम व यास्मीन आरा, महफूज कुरैशी व शहनाज बेगम, एजाजुल हक व फरहत जहां, तल्हा साजिद, जुनैद नवाज, वाहिद अंसारी समेत कई अन्य शामिल हैं. विभिन्न प्रखंडों सिसई, घाघरा और रायडीह से भी जायरीन इस यात्रा में भाग लेंगे. हाजी हसनैन ने बताया कि 30 जायरीनों में से 21 हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से और नौ निजी टूर के जरिये यात्रा करेंगे. सभी यात्री 19 अप्रैल को जिले से रवाना होंगे और 21 को कोलकाता से उनकी उड़ान निर्धारित है. हाजी हामिद ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम से हाजियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे यात्रा के दौरान बेहतर तरीके से हर परिस्थिति का सामना कर पाते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >